रूपहला पर्दा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रूपहला पर्दा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 26 मार्च 2017

अनारकली ऑफ़ आरा देख लीजिए, देश के लिए

मैंने भी फ़िल्म 'अनारकली ऑफ़ आरा' देख ली। लगता नहीं कि अब यह भूल पायेगी। बिहार के आरा की सुन्दर, साहसी और ख़ुद्दार लोक गायिका और नाचनेवाली अनारकली की जिंदादिली, संघर्ष, दुःख और सपने दिल में उतर गए हैं। लगता है एक उम्मीद से भरे मार्मिक आख्यान से गुज़र कर आये हैं। घर, सड़क, गलियां, रसिकों का हुजूम भीतर पैठ सा गया है।

बिहार का लोक, शिक्षा, संगीत, कला, राजनीति, जवाबदेही और सिनेमा सब जैसे घुल मिल साँस लेते हुए भीतर से गुज़र गए हैं। मन में जितना ख़ालीपन है उतना ही भराव। समझ नहीं आ रहा यह चैत की चमकीली उदासी गुज़री है या सिनेमा की भरी पूरी ऋतुएँ। याद नहीं आता कब ऐसा सिनेमा देखा था जिसमें अपने हिस्से की लड़ाई लड़कर हारी हुई सी जीती लड़की सुनसान सड़क पर अकेली चलती हुई 'जो हुआ' उसे फिल्म के पार्श्व संगीत में आखिरी बार हुए बदलाव से झटका देकर दर्शक के भीतर संकल्प और उम्मीद में बदल जाती है।

बहुत पहले, कहना चाहिए सालों पहले वी शांताराम की फ़िल्म 'पिंजरा' देखी थी। तब से वह दिल में उतरी हुई है। जब कभी याद आती है तो लगता है कल ही देखी थी। या कि सालों हो गए एक बार और देख लेते हैं। इसी तरह बासु भट्टाचार्य की मशहूर फ़िल्म 'तीसरी क़सम' जब देखी तो दिल में आया था- लगता नहीं इससे बेहतर फ़िल्म कोई और हो सकती है। अनारकली ऑफ़ आरा भी इन्हीं की सगी बहन फ़िल्म है। एक वाक्य में कहना चाहें तो कह सकते हैं किसी आधुनिक लोककथा जैसी मार्मिक फ़िल्म है।

वी शांताराम की फ़िल्म 'पिंजरा' में गानेवालियों का एक औपन्यासिक आख्यान दिखता है। फ़िल्म, केवल देखकर ही जाना जा सकता है कि जीवन के कितने रूप और रंग हो सकते हैं। नियति या समाज या नियंता या सत्ता क्या-क्या दिन दिखा देंगे किसी के न जानने में आ सकता है न वश में है। अनारकली के साथ भी क्या-क्या होगा अनुमान में नहीं आता। आगे क्या होगा की सचमुच की उत्सुकता फ़िल्म की बहुत बड़ी खूबी है। लेकिन अनारकली का जो प्रतिरोध है वह हिंदी सिनेमा में इतनी मार्मिकता से मैंने पहले नहीं देखा। इस लिहाज़ से यह फ़िल्म एक शुरुआत भी है। चुनौती है और ज़िम्मेदारी भी। यह स्त्री शक्ति-स्त्री शक्ति के नारेबाज़ी वाले समाधान से बहुत आगे की सोद्देश्य दिशा है।

एक बात विशेष रूप से गौर करने की है कि इस फ़िल्म में एक लोक गायिका के सामने जो शत्रु या विलेन है वह विश्वविद्यालय का कुलपति है। यानी अब भारत की उच्च शिक्षा, राजनीति और पुलिस के साथ मिलकर लोक गायिका का शील हड़प लेना चाहती है। संगीत और मनोरंजन के लिए जीनेवाली को रंडी बना देना चाहती है। जब नहीं बना पाती तो झूठ से बना डालती है। लेकिन जिसे रंडी कहा जा रहा है वह तो ठेठ गायिका और नर्तकी है। मनोरंजन से कहीं बहुत गहरे बहन है, दोस्त है, सहकर्मी है और सबसे बढ़कर स्त्री है। गायकी और गायिका मां की स्मृति ही उसकी दौलत हैं।

शिक्षा और विश्वविद्यालयों को इस तरह समाज विरोधी रूप में सामने ला देने के लिए मैं अविनाश दास को कभी नहीं भूल पाउँगा और मेरे दिल में इस एक फ़िल्म से ही फ़िल्मकार के लिए जो लेखक भी हैं कभी इज़्ज़त कम नहीं होगी। यह सचमुच बहुत बड़ा क़दम है। यदि छूट लेकर कहूँ तो विश्वविद्यालय में गया पत्रकार कोई और नहीं अविनाश दास स्वयं हैं। एक सचमुच का पत्रकार ही विश्वविद्यालय को ऐसा देख सकता है। यह केवल फ़िल्मकार के बस की बात न थी।

फ़िल्म में संगीत और गाने और आवाज़ बिलकुल देशज हैं। भीतर रच-बस जानेवाले। जिसने कभी भी लोक की संगत में कुछ उम्र गुज़ारी होगी वह इस संगीत के जादू में खो जाए बग़ैर नहीं रह सकेगा। 2017 में यह फ़िल्म लोक के प्रति अपने ऋण उतारने की तरह है। एक ज़िद की तरह है और सिनेमा को सिनेमा के कपड़े पहनाने की तरह है। फ़िल्म के दृश्य, पात्रों की भाषा और भाव इतने बारीक़ और सूक्ष्म हैं कि कह सकते हैं अविनाश दास ने यह फ़िल्म कैमरे से नहीं दिल से भीगी ज़िंदा आंख से देखे और दिखाये हैं।

यह भी दर्ज़ करने लायक अनुभव है कि पीवीआर कल्चर ने बहुत तरसा कर फ़िल्म देखने दी। यदि इस फ़िल्म को शाम का भी कोई शो टाइम मिलता तो हम जैसे छोटे शहरों के लोग भी बड़ी संख्या में देख पाते। लेकिन अब यक़ीन से लगता है सचमुच की फ़िल्में इसी तरह से हार हार कर अंत में जीतती होंगी। क्योंकि ये केवल मनोरंजन के लिए नहीं हैं। इनमें सार्थकता, सोद्देश्यता और मनोरंजन बराबर हैं। ये केवल इंटरटेनमेंट, इंटरटेनमेंट, इंटरटेनमेंट मार्का कमाऊ फिल्में नहीं हैं। अनारकली ऑफ़ आरा हस्तक्षेप में गहरे राजनीतिक है। देश के लिए, केवल हंसाने के लिए नहीं है बल्कि फ़िल्म का एक तीखा डायलॉग और बयान है।

फ़िल्म के उस दृश्य से बात ख़त्म करना ठीक रहेगा कि अनारकली ऑफ़ आरा फ़िल्म में कुलपति अंत में रोता है। अकेला बचता है। यह रोना फ़िल्म, फ़िल्मकार और दर्शक तीनों के लिए दौलत सरीखा है। यह दृश्य बताता है कि फ़िल्म को किसी व्यावसायिक फॉर्मूले के तहत नहीं पूरा कर दिया गया है, पूरी फ़िल्म में दिखनेवाली अनिश्चितता हो या नयापन सब परिपक्वता से, समझ से, अच्छे संपादन से रचे गए हैं। इतना ही नहीं फ़िल्म की पूर्णता में भीतर गहरी राजनीतिक, कलात्मक और जवाबदेह प्रतिज्ञा दिखाई पड़ती है।

मारे जाने वाले बुरे लोगों से रोनेवाले खलनायक समाज में बेहतरी की दृष्टि से अधिक काम के होते हैं यह इस फ़िल्म का सार्थक दावा है। यह दृश्य मंच पर और मंच से नीचे तथा दर्शकों के घर तक यादगार था। हमेशा रहेगा।

फ़िल्म में स्वरा भास्कर का अभिनय उनके लिए हमेशा चुनौती रहेगा। इसे लांघना तो संभव नहीं हाँ इसके और आयाम अवश्य हो सकते हैं। यह रेखा के लिए उमराव जान जैसा रोल था वक़्त स्वरा के लिए भी साबित करेगा। दूसरे कलाकारों के बारे में भी यही कहा जा सकता है कि वे जो बने हैं वही लगे हैं। 
इस फ़िल्म में दिल को छू लेने वाली बात यह भी है कि फ़िल्मी बहुत कम है। यथार्थ भी कहीं चुभता या खटकता नहीं है।

अनार का साथी अनवर और संरक्षक चाचा तो फ़िल्म 'अनारकली ऑफ़ आरा' की भारतीय दुआ सरीखें हैं। वे हमेशा सलामत रहें यही प्रार्थना की जानी चाहिए। फ़िल्म के गाने अपने मिजाज़ के लिए सब बेजोड़ हैं लेकिन सबके लिहाज़ से 'मन बेकैद हुआ...' साल के चुनिंदा अच्छे गानों में शुमार होना चाहिए। यह कह देना भी ठीक रहेगा कि 'जोगीरा सा रा रा' अब सिनेमाई धरोहर भी है।

अंत में यही गुज़ारिश है कि फ़िल्म लोक के लिए है लेकिन 'देश के लिए' बड़े काम की है। जिन्हें भारत का सेंसर बोर्ड देखने से नहीं रोकता उन्हें ज़रूर देखनी चाहिए। और घर के बच्चे बड़े हो जाएं उससे पहले यह सलाह ज़रूर बचाकर रख लेनी चाहिए कि ऐसा सिनेमा देखना चाहिए।

-शशिभूषण

बुधवार, 28 दिसंबर 2016

दंगल पर व्यक्तिगत हो चली अंतिम टीप

कक्षा 4 से भाषण देना शुरू हुआ। छठवीं कक्षा तक आते-आते यह डिबेट के जूनून में बदल गया। हराया भाषण में भी जा सकता था। हराया भी। लेकिन जीत हार के लिए डिबेट सबसे उपयुक्त था। डिबेट में जीत लेने का आनंद अधिक आता। विषय मिलता तो पहला अनुमान यही लगाया जाता विषय के किस तरफ़ बोलनेवाले कम होंगे? यानी कौन सा पक्ष कठिन ठहरेगा? किसमें बोलकर खुद को साबित करने का अधिक अवसर होगा?

जब एक चरण जीत जाते तो अगले चरण के लिए पक्ष बदल भी लिया जाता। अब दूसरा पक्ष बोलकर देखते हैं। कई बार ऐसा भी होता कि पार्टनर से समझौता होता ठीक है तुम्हें पक्ष पसंद है तो हम विपक्ष में बोल लेंगे। मकसद केवल बोलना और जीतना होता था। कभी लगा ही नहीं कि बोलने से अधिक किसी पक्ष से बंधना भी ज़रूरी होता है। जीतने की बधाई इतनी महत्वपूर्ण हो चुकी थीं कि हारने के लिए सही पक्ष चुनना ठीक नहीं लगा। कोई गुरु भी नहीं मिला जो बताता जिसे खुद सही मानते हो उस पर जीतकर दिखाओ। बोलना इतना अच्छा लगता था जीतने का नशा ऐसा होता कि पार्टनर को विपक्ष की तैयारी कराकर खुद पक्ष में बोल आते। कभी इसके उलट भी कर डालते। इस अभ्यास का एक फ़ायदा यह हुआ कि विपरीत तर्क भी सोचने की आदत लग गयी। कोई भी तर्क आये तो यह भी मन में आता है विरोधी क्या कह सकता है? तब क्या कहेंगे?

यह बहुत बाद में हुआ और कह सकते हैं कि ठीक से अब तक नहीं हो पाया है सिर्फ़ कोशिश जारी है कि बोलने से अधिक, जीतने से ज्यादा सही तर्क के साथ रहा जाये। उस बात का हाथ पकड़ लिया जाये जो आगे जाकर आत्मबल बढ़ाएगी।

कुल मिलाकर कहना यह है कि इधर जो लोग महज़ खुद को साबित करने के लिए दंगल के विरोध में दूर की कौड़ी ला रहे हैं उन्हें दो चार बातें मैं भी सुझा सकता हूँ। लेकिन खुद दंगल के पक्ष में इसलिये हूँ कि यह फ़िल्म बहुत नेक उद्देश्य के साथ लोगों से साधारणीकृत होती है। होगी यदि पूर्वाग्रह छोड़कर देखी जाये। उड़ता पंजाब भी इसीलिए पसंद आई थी कि यदि लोग देखेंगे तो सबक ले सकते हैं।

इस फ़िल्म की कहानी में भी औपन्यासिकता है। कहानी और औपन्यासिक कहानी नितान्त भिन्न होती हैं। कुछ सरल रेखीय कहानियों के खिलाड़ी इसमें जिन झोल की चर्चा कर रहे हैं, किसी चरित्र के बचाव को जैसा प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर पेश कर रहे हैं उनके सारे जवाब इसी कहानी में कमोबेश दे दिए गए हैं। कोच अपनी इंट्री के साथ ही चीखकर साबित कर देता है कि उसे क्या बुरा लगा है और आगे उसका क्या स्टैंड रहनेवाला है नतीज़ा चाहे जो हो। यदि उसका हृदय परिवर्तन भी दिखाने की कोशिश होती तो कहानीकार रिंग मास्टर ही लगता। यदि संवादों को याद कर सकने लायक याददाश्त हो तो याद आएगा हर घटना का दूसरा पहलू फ़िल्म में है।

फ़िल्म में गीता और बबिता ही मिलकर भी बाप से लड़ती हैं और परस्पर भी। लगभग हर चरित्र अपनी निजता के साथ है। कोच शायद इसलिए इतना एकतरफ़ा है कि फिर अकादमियों का चरित्र आम आदमी के समझ से परे हो जाता। भ्रष्टाचार अपनी विडंबना के साथ सामने न आता। लोगो को अभी केवल इतना ही समझाया जाता है कि भ्रष्टाचार धन से जुड़ा मसला है। यह प्रशिक्षण की गहराई तक है, प्रतिभा की जड़ में मट्ठा डाल देने तक पैठा है कोच खूब प्रकट करता है। जिस देश में अकादमियों के प्रमुख से लेकर प्रोफेसर, कुलपति, न्यायाधीश, संपादक तक की नियुक्तियां सिफ़ारिश पर होती हों वहां कोच के लिए व्यथित होना एक अलग इशारा अपने आप है।

ध्यान से देखिये अब तक के सभी आरोप के हैं जवाब। मिलेंगे। ज़रूर मिल जायेंगे। बशर्ते थोड़ी एकाग्रता साध पाएं। और हां खुद को कहानी के चैंपियन समझनेवाले समीक्षक यह न भूलें कि कहानी के पात्र कहानी बड़ी हो या छोटी कहानीकार की कठपुतली नहीं होते।

फ़िल्म दुरुस्त है। याद करें महावीर फोगाट सोती बेटी के पांव दबाते हुए पत्नी से कहता है मैं एक समय में बाप या गुरु ही हो सकता हूँ।

रही बात इन दिनों देशभक्ति की तो कोई निंद्य या निषिद्ध काम नहीं यह। खिलाडी सोच सकता है मैं देश के लिए मेडल लाऊंगा। लेखक या आलोचक भी यह सोचता ही है मैं अलख जगाऊँगा, समाज में जागृति और परिवर्तन लाऊंगा। यह कितना हो पाता है सबको पता है।

मेरी तरफ़ से इतना ही। यदि किसी को लगता है कि अच्छी फ़िल्म के लिए लोगों को प्रेरित करने की कोशिश करना, अहं वादी समीक्षा का विरोधी होना व्यक्तिगत होना है तो वह हमेशा की तरह निरपेक्ष दिखते हुए मुझे हलवाई, मूर्ख या गधा कह सकता है। मैं ऐसे चालाक मित्रों को पब्लिकली दिल से प्यार करता हूँ।

जय हिंद
शुभ रात्रि

सोमवार, 26 दिसंबर 2016

जहां का खाप वहीं से दंगल

आप उसी समाज से 'खाप' सामने लाये. बहस पैदा की. आपका सरोकार सिध्द हुआ. लोगों ने आपको सराहा. आप और गहराई में गए दूसरे तरह की हत्याएं भी सामने लाए. लोगों ने आपकी नीयत को सलाम किया. आपको मान मिला. राज्य ने भी आपका थोड़ा बहुत साथ दिया. अमानुषिकता पर बंदिशें लगीं.

अब उसी समाज से एक कलाकार 'दंगल' लेकर आया है. लोकप्रिय फ़िल्म. एक बहुत पुराने लुप्त हो रहे भारतीय खेल के लिए संवेदना लेकर आया है. गांव का अखाड़ा, कस्बे के दर्शक, बेटियों की कुश्ती, छोरियों का मंगल. लोग दीवाने हो रहे हैं. सब तरह की समीक्षाओं का औसत 4 स्टार बैठता है. ख़ूब है. कोई पसंद करे तो उसका सर नहीं मांगते.

फ़िल्म में पहलवान की बेटी इंटरनेशनल जीतती है, वह राष्ट्रगान पर खड़ा होता है तो पूरा हॉल खड़ा हो जाता है. कोई बुजुर्ग कहता है फ़िल्म देखी तो मन से नहीं उतरी. दो बजे रात तक सोचते रहे. घर में सबसे कहता है सब देख आओ फ़िल्म. साल की सबसे अच्छी फ़िल्म है. पांच साल की बच्ची पूरी फ़िल्म में हिलती नहीं और बताती है बहुत अच्छी है. सुल्तान से भी अच्छी. मुझे गीता की मां सबसे अच्छी लगी. मैंने सीखा अगर इंसान ने पहले कोई अच्छी बात सीख ली तो उसे बाद में छोड़ना नहीं चाहिए.

दंगल के कलाकार कोई तुक्का मारनेवाले भी नहीं है. बाप बननेवाला 'सत्यमेव जयते' जैसा दस्तावेज़ी काम दे चुका है. आलोचकों के बीच मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहलाता है. मां बनी अभिनेत्री टीवी की दुनिया की पुरखिन है. उसे शायद ही कोई न जानता हो. चारों लड़कियों ने अपने कलाकार होने का पक्का सबूत दिया है. कहानी सच्ची है. डायरेक्टर ने चांस भी नहीं मांगा. नैरेशन में कहानी कही है.

अब समस्या कहाँ है? जिसका जो काम था उसने किया. पब्लिक भी अपनी पसंद का इज़हार कर रही है. करने दीजिये. थोपा जाना बुरा हो सकता है. लेकिन राष्ट्रगान ही है. उस पर खड़े होने को दिल पर मत लीजिये. भारत के लाखों बच्चे रोज़ राष्ट्रगान का हिस्सा बनते हैं. वे सब कट्टर नहीं बनते.

याद कीजिए आप कहा करते थे वे रवींद्रनाथ टैगोर के राष्ट्रगान को किसी जॉर्ज की अभ्यर्थना मानते हैं, राष्ट्रगान को विकृत करना चाहते हैं. अपने यहाँ नहीं गाते. उन्होंने इसे इतना दिल पर लिया कि वे जहाँ आपकी पुलिस है उस राज्य में ही महज न खड़े होने को लेकर लोगों को गिरफ़्तार करवा रहे हैं. वे धीरे धीरे आपकी जेब में भी तिरंगा रखने को विवश कर सकते हैं यही हाल रहा तो. तब आपने नहीं सोचा था अब भी नहीं सोच रहे वह दिन आ सकता है. यही हाल रहा तो.

आपने दंगल देख ली होगी. कुश्ती के कोच और पहलवान का फ़र्क समझ लिया होगा. किसी को बदल देने से पहले सोचिये उसकी खूबी और ताक़त क्या है? यदि आप हारते ही जा रहे हैं, हारते ही जा रहे हैं तो कोच के डिफेन्स अटैक, डिफेन्स अटैक का काशन मानने की बजाय शिक्षा, अपनी खूबी और सामनेवाले की कमज़ोरी पर फोकस कर लीजिए. क्या पता गोल्ड मेडल आपका ही इंतज़ार कर रहा हो.

पब्लिक ही है. आपका भी साथ दे सकती है. देती रही है. भारत में कोई बाहरी नहीं है. हम भी कहीं बाहर के नहीं हैं. कहीं जानेवाले भी नहीं हैं. क्यों जाएँ? हम भी भाषा को चाहते हैं.

कला और कलाकार अपनी रक्षा खुद करते हैं. दंगल ने गौरक्षकों का, भारत माता छाप भक्तों का अच्छा काम लगाया है. उछल कूद करने लायक छोड़ा ही नहीं. राज्य को भी समझाया है. उदाहरण रखा है राष्ट्रगान गाने में बुराई नहीं. बशर्ते अवसर हो और वह दिल से गाया जाये. इस सन्देश पर ग़ौर किया जा सकता है.

शुक्रिया आमिर ख़ान! थैंक्यू दंगल!!

शशिभूषण

शनिवार, 24 दिसंबर 2016

खेल भावना की राष्ट्रीय फ़िल्म है दंगल

दंगल शानदार फ़िल्म है। इसमें बेटियों जैसी बेटियां हैं बाप जैसा बाप। गांव जैसा गांव है और घरनी जैसी पत्नी। प्रेम, अनुशासन, सपने और खेल भावना के निश्छल रूप से रची है फ़िल्म।

लेकिन फ़िल्म की सफलता केवल इसी में नहीं है। फ़िल्म की जान है, वहां है जहां पहलवान जैसा पहलवान है और गुरु जैसा गुरु।

आज अगर हिंदी के अप्रतिम कथाकार फणीश्वरनाथ रेणु ज़िंदा होते तो उनका सीना चौड़ा हो जाता। रेणु ने 'पहलवान की ढोलक' जैसी कहानी लिखी है। आमिर ने भारत की बहुत प्रिय कुश्ती में जीवनी फूंकने की कोशिश की है।

चरम तब घटता है जब पता चलता है यदि बन सके, हो सके तो बाप से बेहतर गुरु दूसरा नहीं हो सकता।

बेटी का बाप अगर बेटी के लिए अपना सब दांव पर लगा दे, बेटी पिता की शाबासी को तरसे। जब वह क्षण आये जिसके लिए कुश्ती जीना ही शुरू हुआ था तो बेटी गोल्ड मेडल पिता के हाथों पहनना चाहे इससे बड़ी कहानी क्या होगी?

इससे बड़ा कहानी का, खेल का, फ़िल्म का साधारणी करण क्या होगा?

दंगल में एक मिनट भी भरती का नहीं है। गानों और रोमांस में वक्त ख़र्च नहीं हुआ है। फ़िल्म कुश्ती या रेसलिंग में ही रची बसी है। खेल, रिश्ते और खेल नीतियां फ़िल्म में अपनी बारीकियों से उभरे हैं।

मां, पिता, गीता, बबिता, चचेरा भाई, गांववाले, चिकनवाला, कोच, मेडल, हार-जीत, अपनत्व सब रिश्ते बड़े हाड़ मांस के बने लगते हैं। यह खेल पर बनी राष्ट्रीय महत्व की फ़िल्म है जिसमें बेटियों का, बहनों का, मां का, गांव की छोटी बच्चियों का मान और मन दोनों दीखता है।

मुझे लगता है फ़िल्म की वह भी एक बड़ी सफलता है जब फ़िल्म में राष्ट्रगान बजता है। कमरे में बंद कर दिया गया पिता जान जाता है जीत गयी बेटी, बेटी जीत गयी है। वह खड़ा हो जाता है।

मैंने देखा पूरा सिनेमा हॉल खड़ा हो गया है। सचमुच। पूरी गंभीरता के साथ। शुरुआत से पहले राष्ट्रगान में सब खड़े न हुए थे। जो खड़े हुए थे उनमें मसखरी भी दिख रही थी।

लेकिन फ़िल्म के राष्ट्रगान ने मानो अपना वही असर दिखाया जिसकी कल्पना राष्ट्रगान को लेकर कभी सच्चे लोगों ने की होगी या आज भी करते होंगे।

फ़िल्म की बाक़ी खूबियां अधिकारी लोग बताएँगे। मैं केवल इतना ही कह सकता हूँ। चाहे जैसे मन के साथ फ़िल्म देखने चले जाइए। जब लौटेंगे आपके पास एक बड़ा दिल होगा। तारीफ़ से अधिक आत्मबल और धन्यवाद।

धन्यवाद आमिर आपने सच्चे मन से बड़ी लगन, बड़े शोध से, बड़े सपने के साथ फ़िल्म बनाई है।

शशिभूषण

शनिवार, 18 जून 2016

उड़ता पंजाब

उड़ता पंजाब एक गंभीर फि़ल्म है। मनोरंजन की जगह सामाजिक-राजनीतिक संजीदगी फिल्म में मुख्य हैं। नशा मुक्ति के जिस सरोकार को यह हमारे सामने रखती है वह सबके लिए जवाबदेही का मसला है। लगभग पूरा देश नशे के कारोबार की चपेट में है। छोटे छोटे बच्चे मौत के मुँह मे जा रहे हैं, जवान, बूढ़े, औरते अकाल मौत में पड़ रहे हैं। जिन्हें रोकना चाहिए वही नशे के संरक्षक हैं।

फिल्म केवल पंजाब की नहीं है। बिहार की भी है। सभी प्रांतों की है। पंजाब में ड्रग्स है क्योंकि वहाँ संपन्नता है। निर्धन समाज में ड्रग्स का कारोबार नहीं फैल सकता। ग़रीब इलाक़ों में तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गांजा, अफ़ीम, शराब का धंधा है। नशा व्यक्ति को नष्ट कर देता है थोड़े ना नुकुर के बाद हर कोई मान लेगा।

फिल्म कोई छूट नहीं लेती। अगर लेती तो एक दो भांगड़ा, आईटम सांग ज़रूर होते। प्रेम प्रसंग भी परिणति तक पहुँचते। फ़िल्म में दो लड़कियो को हम देखते हैं। एक डॉक्टर। दूसरी मज़दूर। दोनों अच्छी लड़किया हैं। खूब संघर्ष करती हैं। डॉक्टर लड़की जिस सादगी से पुलिस के सहायक निरीक्षक को अपने कर्तव्य की याद दिला देती है वह महत्वपूर्ण है।

आलिया भट्ट ने यादगार काम किया है। वे जब अपने हॉकी खिलाड़ी होने का हवाला देकर पीड़ा से बोलती हैं तो अपने सतत शोषण में भी सत्ता को अमिट चुनौती देती हैं। किसी पीड़ित लडकी की व्यथा में समकालीन राजनीतिक सत्य को देखना हो तो इससे बेहतर दृष्य नहीं हो सकता। उड़ता पंजाब चुनाव और कुछ जुमलों के शानदार इस्तेमाल से राजनीतिक बनी है। हो सकता है इसकी परेशानियाँ भी इसी कारण रही हों।

शाहिद कपूर ने वही काम किया जो उन्होंने फिल्म हैदर में बखूबी सीखा था।

फिल्म में कुछ भी ग़लत नहीं है। इसकी कल्पना करना भी बहुत तकलीफ़देह है कि इसमें 80 से अधिक कट के सुझाव थे। वह लड़ाई जो इस फिल्म ने लड़ी फिल्म को अलग पहचान देती है। अदालत की टिप्पणी ने फिल्म को लोगों तक पहुँचने में मदद की इसमें शक नहीं।

कोई फिल्म किसी राजनीतिक दल के लिए असुविधाजनक हो सकती है। हो सकता है किसी राजनीतिक दल को उससे फायदा मिलता हो। यह गौंड़ बात है। हमारे यहाँ बहुदलीय प्रणाली है। सभी दल संतुष्ट हो जायें इसकी कामना ठीक नहीं। फ़िल्म अधिक पारखियों के लिए मामूली भी हो सकती है। लेकिन इंसानो की सोचिए तो फ़िल्म नेकी का संदेश देती है इसमें संदेह नहीं। लोकप्रिय कलाकर किस तरह ग़लत आदतों को प्रचलित कर देते हैं फ़िल्म में खूब दिखाया गया है।

नशे को लेकर हमारे समाज में दोहरे मापदंड हमेशा से रहे हैं। नशे के खिलाफ़ पूरा भारतीय समाज एक दिन में खड़ा हो जायेगा इसकी आशा करना ठीक नहीं। फिल्म यह बताने में सफल रही है कि नशा एक राजनीतिक कारोबार भी है। इससे अच्छी फिल्में भी होंगी। मगर उड़ता पंजाब की नीयत या स्तर पर संदेह करना ठीक न होगा।

कुल मिलाकर फ़िल्म उड़ता पंजाब देखी जानी चाहिए। आखिर उन लोगों ने भी फ़िल्म देखी ही जिन्होंने आधा स्टार दिया। हर किसी को स्टार देने का अपना अधिकार सुरक्षित रखना चाहिए।

-शशिभूषण

शुक्रवार, 17 जून 2016

सैराट


मैंने भी मराठी फ़िल्म 'सैराट' देखी। मुझे मराठी नहीं आती। अंग्रेज़ी में लिखे आ रहे संवाद समझ नहीं आये। इस तरह यह अनोखी फ़िल्म थी जिसमे किसने किससे क्या कहा मैने नहीं समझा।

मैंने दृश्य देखे और कहानी में, चरित्रों में पूरी तरह डूब गया। जब फ़िल्म ख़त्म हुई तो मैं कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं था। क्रोध, शोक और करुणा की त्रिवेणी में मैं स्तब्ध और निःशब्द रह गया। मेरे भीतर हाहाकार और सन्नाटा दोनों बराबर थे।

नन्हे शिशु के सूनी सड़क पर असहाय, भविष्यहीन कदम और घर में उसके मां बाप की निर्दोष, निरापद, स्वावलंबी ज़िन्दगी की निर्मम हत्या से पैदा मौत ने ऐसा कर दिया था कि लगा यह सब अभी-अभी अपने घर में घटा है।


कुछ बड़ा कहने की आज भी स्थिति नहीं न ही सामर्थ्य। सिर्फ़ यही कह सकता हूँ कि यह फ़िल्म प्रेम, क्रोध, शोक और करुणा की अनमोल सामाजिक कृति है। जो भी देखेगा अपने भीतर बदलाव अवश्य पायेगा।

इससे पहले कि सुधारगृहों के चौकीदार, व्यापारी चिकित्सकों के सहयोग से निर्मित कोई नयी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बांचकर फ़िल्म को सुधार की खोखली, नकली कोशिश साबित कर दें आप फ़िल्म देख लें।

जब आप फ़िल्म देख चुकें तो कहीं गवाही देने मत दौड़ें। एक गिलास पानी पियें और मौन टहलने निकल जाएँ। यदि टहलना मुनासिब नहीं तो संभव एकांत में कुछ देर एकाकी गुनें




-शशिभूषण

रविवार, 11 मार्च 2012

पान सिंह तोमर केवल एक फ़िल्म का नाम नहीं है

पान सिंह तोमर को मेरा सैल्यूट। ऐसी फिल्में हर साल नहीं बनती और किसी अभिनेता के जीवन में भी दुबारा घटें यह सपना ही कहा जायेगा। फ़िल्म समीक्षकों का कोपभाजन बनकर भी और कोई उँगली उठाता है तो इसकी परवाह किये बिना इसे एक महान फिल्म कहा जाना चाहिए। इसलिये कि यह अन्याय को ईमानदारी, सादगी और करुणा से दिखाती है। देखने के बाद यह भूलती नहीं और कहने लायक कुछ छोड़ती नहीं। इस फिल्म को देखने के बाद अवाक् रह जाना दरअसल अन्याय का प्रतिकार न कर सकने की ग्लानि है।

पान सिंह तोमर के जीने, लड़ने और मरने को इरफा़न ख़ान ने जिस तरह अभिनय से इस फिल्म में साकार किया है केवल उनके पसीने का टीका बहुतों को अभिनेता बना सकता है। उनकी प्रतिभा को और चरित्र के भीतर प्रवेश को छू सकने वाला दूसरा अभिनेता नहीं हो सकता।

तिग्मांशु धूलिया ने फिल्म के रूप में एक बेहतरीन आईना जो सामने आते ही तमाचा जड़ देता है इस देश को सौंपा है। बुंदेली टोन वाले संवाद और प्यार-झगड़े तथा गँवई दृश्य ऐसे कि आप चीख उठें यह फिल्म नहीं ऐसा सचमुच होता है! मेरा यक़ीन है इस फिल्म को देखने के बाद आप पान सिंह तोमर जैसा जीना चाहेंगे। उसके जैसा बोलना, चलना, अपनी माँ, बीवी और बच्चों तथा खेतों को प्रेम करना चाहेंगे।

पान सिंह जब छुपकर छावनी में बेटे के सामने खड़ा होकर पूछता है सुना है तुम्हारी शादी हो रही है। मेरी वजह से कोई दिक़्कत तो नहीं है? जब आइसक्रीम लेकर फोन पर अफ़सर से कहता है यह सबसे बड़ा मैडल है मेरे लिये। जब वह पत्नी से आखिरी बार मिलकर लौटता है तो कलेजा मुँह को आता है।

यह महज़ डायलाग नहीं है जो पान सिंह तोमर अपने कोच से कहता है मुझे गाली देना पर माँ की गाली कभी मत देना। माँ को गाली दी तो गोली चल जाती है हमारे यहाँ। हम भी तो जीवन से इतना चाहते ही हैं कि हमारी माँ को गाली देने वाला ज़िंदा न रहे हमारी आँखों के सामने। फिर खेत छीन लेने वाले और बूढ़ी माँ को बंदूक के कुंदे से पीटने वाले को गोली मारकर चंबल के बीहड़ों में भटकता पान सिंह डाकू कैसे हुआ? पान सिंह न केवल बाग़ी है बल्कि वह हमें सिखाता है कि बाग़ी होना किसे कहते हैं। वह हमें धिक्कारता है हम बाग़ी क्यों नहीं हैं?

हम डकैत नहीं बाग़ी हैं। डकैत तो संसद में होते हैं। पान सिंह तोमर का पत्रकार को दिया यह बयान इस फिल्म की रीढ़ है। और यह फ़िल्म एक राजनीतिक फ़िल्म है। फ़िल्म का नाम राजनीति होने से वह सही राजनीतिक फ़िल्म नहीं बनती। जब तक अन्याय और उसके प्रतिरोध की सही और हिम्मतवर समझ न हो फ़िल्म यथार्थ बनकर रह जाती है। उससे कला और चेतना के पाँव आगे नहीं बढ़ते। वह सीने में संकल्प शक्ति बनकर नहीं रहती।

फिल्म का मर्म वहां है जहाँ पान सिंह तोमर को सेना में अधिक खाने की वजह से स्पोर्ट्स में भेज दिया जाता है। वह अधिक खाता है इसलिये खिलाड़ी बन जाता है। उसमें ग़ुस्सा है। ग़लत की पहचान है पान सिंह को इसलिये उसकी शक्ति ख़र्च होनी चाहिये वरना विद्रोह हो सकता है। इस कारण उसे निशानेबाज़ी से हटाकर धावक बनाया जाता है।

लेकिन एक दिन उसका कोच उससे कहता है तुम पाँच हज़ार मीटर की फ़ाइनल दौड़ नहीं दौड़ोगे? क्यों? क्योंकि अफ़सर के बेटे से कोच की बेटी की शादी होने वाली है और यह दौड़ उसे ही जीतनी है। कोच पान सिंह तोमर को समझाता है तुम पीछे हट जाओ मैं तुम्हें बाधा दौड़ का नेश्नल चैंपियन बना दूँगा। पान सिंह तोमर मान जाता है। वह बाधा दौड़ का प्रशिक्षण लेता है और नेश्नल चैंपियन बनता है। अपने इस कौशल और सामर्थ्य में केवल एक अंतर्राष्ट्रीय दौड़ वह हारता है जिसमें उसे कंटीले जूते पहनने पड़ते हैं। वह अपने कोच से कहता है इन जूतों में तो मैंने कभी अभ्यास ही नहीं किया। मैं नंगे पैर दौड़ लूँगा। उसे इसकी अनुमति नहीं मिलती। वह दौड़ के बीच में ही जूते उतारकर नंगे पैर दौड़ता है फिर भी हार जाता है।

अगर इस फिल्म की किसी फ़िल्म से तुलना की जा सकती है तो वह है बैंडिट क्वीन। लेकिन मैं समझता हूँ दलितों और स्त्रियों के प्रति अन्याय सहज ही हमारी संवेदना को जगा देता है। कोई भी पानीदार इंसान इस बात से विचलित हुये बिना नहीं रह पाता कि स्त्रीत्व का अपमान हो रहा है। लेकिन यदि यह अन्याय ज़मीन और अधिकारों के साथ हो रहा हो तो बैंडिट क्वीन जैसी संवेदना जगाने के लिये जिस कलात्मक सामर्थ्य की ज़रूरत पड़ती है उसी का नाम है फ़िल्म पान सिंह तोमर। यहीं दोनों फिल्मों का एक साझा पाठ किया जा सकता है कि आत्मसमर्पण के बाद भी मारी जाने वाली स्त्री होती है और हर वह शख्स मारा ही जाता है जो अन्याय से लड़ता है। पर बाग़ी सूबेदार पान सिंह तोमर मरकर भी मरता नहीं हमारे दिल में, फ़िल्म इस कोटि की है।

इस फ़िल्म के और पहलुओं पर चर्चा हो सकती है, आगे होगी भी। बाग़ी पान सिंह तोमर का यह सवाल पूरे भारतीय अतीत को निरुत्तर करने और शर्म से सर झुका लेने को मजबूर कर देने वाला है कि मुझसे खेल का मैदान क्यों छीन लिया? जीवन भर बीहड़ में भटकने को क्यों छोड़ दिया? मैं इस स्वीकार के साथ कि इस फिल्म का एक-एक मिनट क़ीमती है एक सामयिक सवाल पूछना चाहता हूँ जिसका संबंध दर्शकों से है कि यह फिल्म मल्टी प्लेक्सेस में बड़े पैमाने पर क्यों नहीं दिखायी जा सकी? छोटे बजट की ऐसी फ़िल्मों को हर क़िस्म के दर्शकों तक पहुँचाने का जिम्मा किसका होना चाहिए? क्या दर्शक केवल सुंदर अभिनेत्रियों के मुजरे देखने के लिये बने हैं? क्या उनके शौक़ को बेलगाम छोड़ दिया गया है कि बालीवुड की स्त्रियाँ महज़ देह और इंटरटेनमेंट हो जायें? ऐसे दर्शकों की ज़िंदगी में किसी बाग़ी की बीवी के आँसू क्यों नहीं पहुँचते?

बुधवार, 1 फ़रवरी 2012

हमारी तटस्थता की शिकार फिल्मों में ‘थैंक्स माँ’ भी है


कभी फिल्म देखना आवारगी हुआ करती थी। लोग पैसे बचाकर फिल्में देखते थे और बदनाम रहते थे। फिल्मी गाने गानेवाले नौजवानों को लड़कियाँ पसंद करती थीं लेकिन उनके साथ उठना-बैठना मंज़ूर नहीं करती थीं। आज जब किसी को सिर्फ़ शौक के लिए फिल्में देखने को भागते, लंबी लाइन में घंटे भर खिसकते देखता हूँ तो मन लगाव से भर जाता है। कोई बौद्धिकता नहीं, कोई दावा नहीं। फिल्में देखनी हैं कि देखे बिना नहीं रह सकते। अकेले देखने से सख्त गुरेज़। जो ज्ञान के लिए फिल्में देखें वे चूतिया।

हिंदी में शानदार फिल्मों की कमी नहीं। ऐसी दर्जनों फिल्में हैं जिनमें आंदोलित करने की क्षमता है। वे हमारे भीतर की जड़ताएँ तोड़ने में सक्षम हैं। जो चुपचाप अपना काम करती रहती हैं। तमाम भुलावों और भव्य विज्ञापनों को छोड़कर हम ऐसी फिल्मों की शरण में जाते हैं। वे हमें बिना शर्त अपनी गोंद ले लेती हैं। हम उनकी करुणा में भीग भीग जाते हैं। उनके क्रोध में जबड़े भींच लेते हैं। वे हमें हँसना-रोना-लड़ना-प्यार करना और अपना हक़ लेना सिखाती हैं। लेकिन देखने में यह आता है कि हमारा समाज ऐसी परिवर्तनकामी, सच्ची फिल्मों का साथ नहीं देता। जिनके ऊपर ऐसी फिल्मों को प्रकाश में लाने की सामर्थ्य और ज़िम्मेदारी है वे कृपण हो जाते हैं। ऐसी फिल्मों के अभिनेता स्टार नहीं कहलाते। इनके निर्देशक वाजिब पहचान नहीं पाते। जैसा कि जीवन में होता है लोग ईमानदारों को छोड़कर आगे बढ़ जाते हैं ये फिल्में भी हमारी तटस्थता की शिकार हो जाती हैं। जबकि होना यह चाहिए कि बिना किसी गुणा भाग के सहज फिल्मों को प्रश्रय मिले। उनके पक्ष में अच्छा माहौल बने। वे लोगों तक बार-बार पहुँचें।

ये बातें मैं एक खास फिल्म को ध्यान में रखकर कह रहा हूँ। फिल्म का नाम है थैंक्स माँ। आपमें से अधिकांश ने जो फिल्मों पर पढ़ने के आदी होंगे यह फिल्म ज़रूर देखी होगी। इरफान कमाल की यह पहली फिल्म मार्च 2010 के पहले सप्ताह में रिलीज़ हुई थी। यू/ए सर्टिफिकेट के साथ। हालांकि यह फिल्म शिशुओं पर है और मुख्य कलाकार भी बच्चे ही हैं इसमें। रघुवीर यादव, जो फिल्म की कहानी के केंद्र एक अस्पताल में गार्ड की यादगार भूमिका में हैं को छोड़ दिया जाये तो एक भी जाना-माना नाम बड़ी भूमिका में नहीं है इस फिल्म में।

फिल्म शुरू होती है रेलवे प्लेटफार्म के एक दृश्य से। एक बच्ची जिस पर से माँ-बाप की नज़र अभी-अभी हटी है पटरी की ओर बढ़ रही है। सीटी बजाती ट्रेन प्लेटफार्म में लगने ही वाली है। यात्रियों की भीड़ आ-जा रही है पर किसी को बच्ची की परवाह नहीं है। वह तेज़ी से घुटनों के बल ट्रेन की तरफ़ जा रही है। यह दृश्य पूरा होते-होते कलेजा मुह को आता है कि बच्ची पटरियों पर अब गिरेगी और ट्रेन आ जायेगी। नसीब की बात माँ की नज़र उस पर पड़ जाती है। वह बदहवास दौड़कर बच्ची को मौत के मुँह से खींच लेती है। स्क्रीन पर दो शब्द उभरते हैं थैंक्स माँ और फिल्म शुरू होती है।

फिल्म का नायक है दस-बारह साल का बच्चा मुन्सिपल्टी। उसके साथी हैं सोडा मास्टर, कटिंग, डेढ़ शाणा, और सुरसुरी। ये सब चोर हैं। मवाली हैं। प्लेटफार्म पर जेबें काटते हैं, सामान छीनकर भागते हैं। परस्पर दोस्तनुमा दुश्मन और दुश्मननुमा दोस्त हैं। मुन्सिपल्टी के नामकरण की कहानी यह है कि उसकी माँ उसे म्यूनिसिपैल्टी के अस्पताल में छोड़ गयी थी इसलिए वह मुन्सिपल्टी है। वह अक्सर उस अस्पताल में गार्ड के लिए शराब की रिश्वत लेकर इस उम्मीद में जाता है कि उसकी माँ उसे खोजते अस्पताल जब आयेगी तो गार्ड उसे माँ से मिला देगा। अपनी माँ से मिलना मुन्सिपल्टी का सबसे बड़ा सपना है। इसी सपने के साथ रोज़ी-रोटी के अधम प्रयास में एक दिन उसे पुलिस पकड़ ले जाती है। वह बाल सुधारगृह पहुँचा दिया जाता है। वहाँ उसका सामना एक अधिकारी से होता है जो उसे नहा धो लेने को साबुन देता है। उसके इरादे मुन्सिपल्टी भाँप लेता है। वह खुद को छुड़ाता हुआ वहाँ से भागता है। रात में मुन्सिपल्टी छत से कूदकर भागने की जुगत में है तो क्या देखता है कि एक कुत्ता है जो कपड़े में लिपटे शिशु को सूँघ रहा है और भौंक रहा है। एक टैक्सी में कोई औरत अभी अभी बैठकर जा रही है। मुन्सिपल्टी कुत्ते को भगाकर शिशु को सीने से चिपटा लेता है। टैक्सी नज़रों से ओझल हो जाती है।

सही मायने में फिल्म की कहानी यहीं से शुरू होती है। मुन्सिपल्टी शिशु का नाम रखता है कृष्ण। वह उसकी माँ को खोज रहा है। वह उसे चर्च के अनाथालय में नहीं देना चाहता। हिजड़ों के यहाँ से भी भाग आता है। वह तय करता है कि शिशु की पहचान छिन जाये इससे अच्छा होगा जब तक माँ नहीं मिल जाती मैं ही देखभाल करूँ।

उसकी खोज के दौरान वेश्या आती है जिसने इस शिशु को खरीदकर छोड़ दिया था। क्योंकि यह लड़का था। बुढ़ापे में उसका दलाल हो सकता था।

एक दिन मुन्सिपल्टी अस्पताल प्रबंधन की चालाकी भेदकर और पादरी की मदद से कृष्ण की माँ को खोज लेता है। लेकिन जब वह कृष्ण की माँ से मिलता है तो उसकी माँ पर से श्रद्धा ही मिट जाती है। कृष्ण की माँ का गर्भ उसके पिता का था। इस कारण वह कृष्ण को स्वीकार नहीं सकती। हारा हुआ मुन्सिपल्टी जो बकौल पादरी चोर है और जीवन में पहली बार किसी की चीज़ लौटाना चाहता है बच्चे को बाहों में लिये सड़क में आता है तो एक कार अचानक दबाये गये ब्रेक के कारण उसके पास रुकती है। वह कार में बैठी हुई औरत को देखता है। अगले पल उसकी नज़र एक बड़े होर्डिंग पर लगे पोस्टर पर जाती है। दोनो एक ही हैं। वह चल देता है कि तभी छोटा बच्चा देखकर औरत मुन्सीपल्टी को रूपये देने के लिए हाथ बढ़ाती है। वह इंकार के साथ आगे बढ़ जाता है। मुन्सिपल्टी हारकर अनाथालय में जाता है और बच्चे के माँ-बाप के रूप में अपना नाम लिखने को कहता है।

वह फिल्म के आखिर में अस्पताल पहुँचता है। आज भी उसके हाथ में गार्ड के लिए शराब है। गार्ड कहता है तेरी माँ कभी नहीं आयेगी। मुन्सीपल्टी उठते हुए कहता है लेकिन मैं आता रहूँगा। वह धीरे धीरे चला जाता है। गार्ड शराब की बोतल पटक देता है। फिल्म के बिल्कुल आखीरी दृश्य में वही औरत कार से अस्पताल के परिसर में उतरती है जो मुन्सिपल्टी को रास्ते में मिली थी। जिससे पैसे लेने से उसने इंकार कर दिया था। जो उसकी माँ है।

यह संक्षेप में फिल्म की कहानी का ढाँचा है। फिल्म के दृश्य और संवाद जो कहानी बयान करते हैं उसे देखकर ही जाना जा सकता है। इस फिल्म के संवाद उस जीवन में ले जाते हैं हमें जिससे हम स्लम डॉग मिलेनियर या सलाम बांबे जैसी फिल्मों के माध्यम से परिचित होने का दावा कर सकते हैं।

थैंक्स माँ शिशुओं को फेंकने से लेकर उनके खरीद फरोख्त और हत्याओं तक की अनगिन दारुण गाथाओं को हमारे सामने उजागर कर देती है। यह फिल्म दिखाती है कि भारतीय समाज में शिशुओं के साथ हो रहे अन्याय की कितनी वजहें छुपी हैं और रोज़ पनपती रहती हैं। यदि इस कथा श्रंखला को देखें जिसमें एक स्त्री अस्पताल में अपने पिता से मिला जीवित शिशु छोड़कर आती है। उसे अस्पताल का पेशेवर चोर वेश्या को बेंच देता है। वेश्या उसे इसलिए नहीं पालना चाहती क्योंकि वह लड़का है। एक बारह साल का बच्चा जो खुद अनाथ और चोर है लेकिन उस बच्चे को माँ तक पहुँचाना और एक मुकम्मल पहचान के साथ बड़ा होता देखना चाहता है तो लिंग परीक्षण के पश्चात मारे जाने वाले कन्या भ्रूणों की त्रासदी घोर सामाजिक ताने-बाने की केवल एक पहलू दिखायी देगी। भारतीय समाज अपनी जिस संरचनागत हत्यारी प्रविधि में है उसे चंद सरकारी और एनजीओ संचालित जागरुकताएँ नहीं बदल पायेंगी।

थैंक्स माँ हमारे समय की एक ऐसी फिल्म है जो बड़े सिनेमाघरों में मँहगे पापकार्न और अँग्रेज़ी बोलते वेटरों के अनुरोध के साथ व्यापक पैमाने पर नहीं देखी जा सकी। यद्यपि इसने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रशंसा एवं सम्मान बटोरे। लेकिन यह भी फिल्म ही है और जब भी किसी सहृदय के द्वारा देखी जायेगी उसे झकझोरकर रख देगी।

मुझे यक़ीन है आपने ऊपर मेरा यह लिखा पढ़ चुकने के बाद सारी स्थितियों का आकलन कर ही लिया होगा। लेकिन सवाल यह नहीं है कि इस फिल्म पर मैंने कितने फिल्म संबंधी तकनीकि पहलुओं से विचार किया है। कलात्मक पैमानों पर इसे कसने में कितना सफल रहा हूँ। या यह फिल्म बाकी फिल्मों की तुलना में कितनी उत्कृष्ट है। साथियो, मुद्दा यह है कि यह फिल्म बड़े पैमाने पर क्यों नहीं देखी जा सकी। इसे यदि बच्चों को दिखाना हो तो किस तर्क से दिखाया जाये उन्हे किस तरह से तैयार किया जाये पहले कि वे सार सार को पकड़ सकें? क्योंकि इस फिल्म फलफमें गालियाँ हैं। बड़े तीखे हर क़िस्म के नग्न यथार्थ हैं लेकिन इन सबके बावजूद मैं समझता हूँ यह बूट पालिश या सन आफ इंडिया जैसी फिल्मों से बच्चों के लिये अधिक ज़रूरी है। ऐसी फिल्में जो जनमानस की समझ बढ़ाती हों उपेक्षा के साथ साथ अपेक्षित मानसिक दशा के अभाव की शिकार क्यों हो रही हैं?

00000

मंगलवार, 9 फ़रवरी 2010

जिन बच्चों की ज़िंदगी से पिता घट जाए उनकी खातिर दुआ है फ़िल्म 'पा'

मैंने भी पा  देख ली. अच्छी फ़िल्म है. बड़ी सरल और सादी कहानी है फ़िल्म की. फ़िल्म में ऐसा कुछ नहीं जो देखते हुए सोचते जाने से अलग हो. आगे क्या होगा के सारे अनुमान सच होते जाते हैं. फ़िल्म के बारे में काफ़ी पढ़ने में आ गया था पहले ही;  हो सकता है फ़िल्म इसलिए भी सहज लगी हो.

लेकिन फ़िल्म मुझे जिन वजहों से पसंद आई उन्हें साहित्यिक ही कहना सही होगा. बड़ी-बड़ी बातें रखने की बजाय पहले ही स्वीकार कर लूँ कि मैं किसी देखी हुई फ़िल्म पर तभी बात कर सकता हूँ जब कहानी और गानों को केंद्र में रखूँ. फ़िल्म की तकनीकि समझ मुझे नहीं है. मसलन मेकअप, सेट, पार्श्व संगीत, सिनेमेटोग्राफ़ी आदि-आदि. मुझे यक़ीन है इन अपेक्षाओं के लिए बहुत से समीक्षकों को ही माफ़ किया जाता रहा है तो मुझ बातूनी दर्शक को भी माफ़ कर ही दिया जाएगा. मुझे पता भी है अपने यहाँ बौद्धिक जगत में जो आसानी से मिल जाए वह माफ़ी ही है.

खैर, जब मैंने फ़िल्म देखना शुरू किया तो जैसे ही अरू(यही बच्चा कहानी के केंद्र में है) को देखा तो मुझे झट से लगा कि यह बच्चा अब पूरी फ़िल्म में असाधारण व्यवहार करेगा. अपनी विलक्षणताओं से सबको चकित करेगा. मेरे ऐसा सोच लेने की वजह आप सोच सकते हैं कि मुझे थोड़ा जल्दी ही हमारे समय के महत्वपूर्ण अत्यंत लोकप्रिय कथाकार उदय प्रकाश की मशहूर कहानी 'मैंगोसिल' जिसे पढ़ लेने के बाद शायद ही कोई भूल पाए याद आ गई होगी.

लेकिन जैसे ही फ़िल्म आगे बढ़ी कहानी 'मैंगोसिल' एक कौंध सी तिरोहित हो गई. फ़िल्म का बच्चा जैसा कि उसे होना चाहिए लाचार, असमर्थ ही रहा आया अंत तक. अरु की ज़िद कि अपने लब्धप्रतिष्ठ सफल राजनेता पिता को नहीं बताना कि मैं आपका ही बेटा हूँ जिन विवशताओं से गुज़रती है वे बड़ी कारुणिक हैं. इस त्रासदी को जो सहने लायक बनाए वह मां द्वारा अपना ली गई युक्ति भी कि किसी की हिचकी नहीं बनना बड़ी मार्मिक है. एक बच्चा, वास्तव में बीमार बच्चा इसे जिस खुद्दारी से अपनाता है वह फ़िल्म की सबसे बड़ी सफलता मुझे लगी. पिता जो कदाचित आदर्श नेता है एक नि:शक्त बच्चे के इस प्रण को भांप तक नहीं पाता. यहीं फ़िल्म का गीत हिचकी हिचकी..... भीतर तक छू जाता है. कह सकते हैं कि इस बिंदु पर एक स्त्री अपनी ममता, स्वावलंबन के बल पर पुरुष को बराबरी से जवाब देती है, प्रतिरोध का उदाहरण बनती है.

यहीं मुझे फिर एक कहानी याद आती है. प्रसिद्ध कथाकार शिवमूर्ति की कई साल पहले लिखी गयी कहानी सिरी उपमा जोग. इस कहानी में भी एक लड़का है जो शहर दूसरी शादी कर लेने वाले पिता से मिलने आता है. उसके हाथ में एक चिट्ठी है मां की. माँ ने अपनी मुसीबतों के हवाले से चिट्ठी में जो लिखवाया है वह संक्षेप में यह है कि अब अपने इस बेटे की ज़िम्मेदारी सम्हाल लें, बेटी भी व्याह के काबिल हो गई है. यहाँ गाँव में मैं इस लायक नहीं रही अब. कमाल यह है कि यह चिट्ठी बेटा पिता को ही देता है सौंतेली माँ या उसके बच्चों के द्वारा बहुत पूछने पर भी मुह नहीं खोलता. इस कहानी में बेटे को देखकर चिट्ठी पढ़कर बाप केवल परेशान होता है, पिछले दिन याद करता है और बेटे को खाली हाथ ही लौट जाने देता है. बच्चे को कुछ नहीं मिलता. प्यार, अधिकार तो दूर अपने पिता का आत्मीय परिचय भी नहीं. इस तुलना में अरू का फ़िल्मी पिता काफ़ी भला मानुष है. फ़िल्म की कहानी को आदर्शवादी, सुखांत निर्वाह जो मिला है.

यहाँ तक जब बात आ ही गई है तो मैं साहस करके कहूँ फ़िल्म की कहानी दरअसल शिवमूर्ति की ही कहानी है. यहाँ यह क़तई न समझें कि मैं नकल या चोरी का सस्ता आरोप लगाने जा रहा हूँ. बस पा की कहानी में जो औरत है वह बदली हुई है. आज़ादी के इतने दिनों में औरते ही हैं जो कुछ कुछ बदली हैं. समाज और पुरुष वैसे ही हैं. मैं जब कह रहा हूँ कि पा  की कहानी शिवमूर्ति की ही कहानी है तो साथ में यह भी कह रहा हूँ कि सिरी उपमा जोग  भी शिवमूर्ति की ही कहानी नहीं भारतीय समाज की कहानी है.

हमारे यहाँ ऐसे कितने बच्चे हैं जिन्हें अपने बाप का पता नहीं? अब यदि किसी बच्चे की ज़िंदगी से पिता की पहचान तक घट जाए तो उसे कौन सी बीमारी हो जाएगी कोई नहीं बता सकता. मुझे पूरी फ़िल्म में यही लगता रहा कि अरू की अजीबो गरीब बीमारी फ़िल्म में कहानी को बढ़ाने का उपकरण है. इसके आधुनिक संदर्भ भी हैं इसलिए सब सटीक बैठते हैं. फ़िल्म वास्तव में उन बच्चों के लिए है जिनकी ज़िंदगी में पिता की पहचान नहीं. और माँ का कोई वजूद नहीं. कभी-कभार कुछ माँएं जो यह गुहार लगाती भी हैं कि अमुक रईस या नेता मेरे बेटे का पिता है तो उनपर लोग कैसे हँसते हैं; वे कैसे हारकर अपने अँधेरों में लौट जाती हैं सबको पता है.

सच मानिए मुझे यह फ़िल्म इसी रूप में भली लगी. चूँकि यह फ़िल्म समाज के काम की है इसलिए इसके नायक नेता का आदर्शवादी होना किसी तरह की सीमा का परिचायक नहीं है. अंतत: कुछ अच्छा करनेवालों को आदर्श का दामन पकड़ना ही पड़ता है. रही बात अमिताभ बच्चन और विद्या बालन की तो ये दोनों पूरे वही लगे जो रोल किया है. अभिनय के बारे में इससे ज़्यादा अभी मैं नहीं कह सकता. फ़िल्म देखने की पहली गुज़ारिश मैंने शिवमूर्ति जी से की थी. आपसे भी करता हूँ.

शशिभूषण